महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और अनुयायियों की भारी भीड़
भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की आज 134वीं जयंती है। इस अवसर पर देशभर में बाबासाहेब को श्रद्धांजलि दी जा रही है। मध्यप्रदेश के महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और अनुयायियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महू पहुंचेंगे, जहां वे बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सीएम यादव इस दौरान एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। महू में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरा क्षेत्र अंबेडकर जयंती के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
देशभर में अंबेडकर जयंती को लेकर भारी उत्साह
प्रदेशभर के अन्य शहरों में भी अंबेडकर जयंती को लेकर भारी उत्साह है। भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर सुबह से लोग माल्यार्पण के लिए पहुंच रहे हैं। इंदौर में गीता भवन चौराहे, जबलपुर, ग्वालियर सहित कई शहरों में श्रद्धांजलि सभाएं और रैलियां निकाली गईं।

अंबेडकर जयंती पर राजनीति भी जारी
राजनीति भी इस मौके पर गर्माई हुई है। सुबह करीब 9 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी महू पहुंचे और डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए कहा,
“अमित शाह ने संसद में बाबासाहेब का अपमान किया है। वे 13 अप्रैल को भोपाल आए लेकिन माफी मांगने बाबासाहेब की जन्मस्थली नहीं पहुंचे। उन्हें यहां आना चाहिए था।”
इस पर पलटवार करते हुए भोपाल से मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा,
“अंबेडकर साहब का सबसे ज्यादा अपमान कांग्रेस ने किया है। संविधान को ताक पर रखने वाली पार्टी आज दिखावे की श्रद्धांजलि दे रही है। बाबासाहेब के योगदान के प्रति सच्ची कृतज्ञता भारतीय जनता पार्टी ने दिखाई है।”
134वीं जयंती पर डॉ. अंबेडकर के विचारों और योगदान को याद करते हुए लोग उन्हें नमन कर रहे हैं। वहीं, सियासी आरोप-प्रत्यारोप इस दिन की गरिमा के बीच हलचल भी पैदा कर रहे हैं।
