लखनऊ : समाजसेवा को अपने कार्यों का आधार बनाने वाले विवेक पांडेय ने अपनी मजबूत और प्रभावशाली वकालत के साथ-साथ हर सामाजिक, कानूनी और जनहित के मुद्दों पर ठोस और तर्कपूर्ण राय देकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।समाजवादी पार्टी की अधिवक्ता सभा में प्रवक्ता के रूप में उनकी शुरुआत ने ही साबित कर दिया था कि विवेक पांडेय अपनी मेहनत और वाक्-कला के दम पर राजनीति के मंच पर बड़ा स्थान हासिल करेंगे। राष्ट्रीय से लेकर प्रादेशिक स्तर तक विभिन्न न्यूज़ चैनलों की बहसों में उन्होंने समाजवादी पार्टी के पक्ष को जिस स्पष्टता और आत्मविश्वास से रखा, वह दर्शकों और राजनीतिक विश्लेषकों की नज़र में तुरंत स्थापित हुआ।उनकी सधी हुई भाषा, तथ्यों पर मजबूत पकड़ और बेबाक तर्कशैली ने उन्हें कई बड़े चैनलों की पहली पसंद बना दिया। यही वजह रही कि देखते ही देखते विवेक पांडेय पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं की श्रेणी में आ गए।
जनता के और करीब रहने की चाह, रालोद में निभाई अहम भूमिका
विवेक पांडेय ने समाजसेवा और जनहित के लिए और अधिक ज़मीन पर उतरकर काम करने की इच्छा से सत्ताधारी गठबंधन के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का दामन थामा। यहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक प्रदेश सचिव और प्रवक्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियाँ निभाईं।रालोद में शामिल होने का उद्देश्य सत्ता के नज़दीक रहते हुए सीधे जनता के लिए ठोस काम करना था। लेकिन समय के साथ उन्हें लगा कि जिस संजीदगी और गति से वे जनहित के मुद्दों पर लड़ना चाहते थे, वैसा अपेक्षित माहौल वहां नहीं बन पा रहा।यही कारण रहा कि उन्होंने रालोद की सभी जिम्मेदारियों से स्वेच्छा से त्यागपत्र देकर पुनः अपनी मूल राजनीतिक विचारधारा की ओर रुख करते हुए समाजवादी पार्टी का हाथ थाम लिया।
सपा ने जताया विश्वास, बनाया अधिकृत मीडिया प्रवक्तावापसी के बाद समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर विवेक पांडेय की निष्ठा, अनुभव और क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय और प्रादेशिक न्यूज़ चैनलों में पार्टी का पक्ष रखने के लिए अधिकृत प्रवक्ता (मीडिया पैनलिस्ट) नियुक्त किया है।नियुक्ति के बाद विवेक पांडेय ने कहा—“समाजवादी पार्टी ही वह दल है जो वास्तव में जनता की लड़ाई लड़ रहा है। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करता हूँ और विश्वास दिलाता हूँ कि पार्टी की नीतियों और विचारों को डिबेट्स के माध्यम से पूरी निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ जनता तक पहुंचाता रहूँगा।”विवेक पांडेय के सपा में पुनः प्रवक्ता बनाए जाने की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और अधिवक्ता समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल है।

