मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नक्सलवादियों से संघर्ष करते हुए शहीद हुए इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की शहादत पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दुख न जताए जाने को “शर्मनाक” और “लज्जाजनक” बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि—“शहीद आशीष शर्मा की वीरगति पर दुख व्यक्त करने और उनके परिवार के लिए दो शब्द संवेदना कहने की जगह ऐसे हल्के बयान देना बेहद आपत्तिजनक है। यह शहीदों के सम्मान के साथ खिलवाड़ है।”
डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षा बल नक्सलवाद के खिलाफ लगातार सफल अभियान चला रही है। लेकिन कांग्रेस नेताओं को इन अभियानों से “कष्ट” होता है।उन्होंने कहा कि—“नक्सलवादी किसी के नहीं होते। वे गरीब, वंचित और आदिवासी समाज पर अत्याचार करते हैं। दिग्विजय सिंह जैसे बयान जनता का कांग्रेस से विश्वास तोड़ते हैं।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इंस्पेक्टर आशीष शर्मा ने देश और समाज की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की भावना के अनुरूप
शहीद के भाई को नौकरी दी,उनके नाम पर गांव में पार्क निर्माण का निर्णय लिया,और परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार शहीदों के सम्मान और नक्सलवाद के सफाए के लिए संकल्पबद्ध है।
