इंदौर: राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) समूह मुख्यालय, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता तनुज दीक्षित को आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaints Committee – ICC) का सदस्य नियुक्त किया है। यह नियुक्ति कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, उससे संबंधित शिकायतों की जांच और निवारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

तीसरी बार स्वतंत्र सदस्य के रूप में यह दायित्व सौंपा
एनसीसी ग्रुप मुख्यालय म.प्र. एवं छ.ग. के डिप्टी ग्रुप कमांडर कर्नल गौरव दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि एडवोकेट तनुज दीक्षित इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले अधिवक्ता हैं, जिन्हें लगातार तीसरी बार स्वतंत्र सदस्य के रूप में यह दायित्व सौंपा गया है। यह नियुक्ति उनके विधिक अनुभव और निष्पक्ष कार्यशैली का प्रमाण है।
NCC समूह मुख्यालय के अंतर्गत 10 बटालियन
गौरतलब है कि वर्तमान में एनसीसी समूह मुख्यालय के अंतर्गत 10 बटालियन कार्यरत हैं। एडवोकेट तनुज दीक्षित इन सभी इकाइयों में आईसीसी से संबंधित सभी प्रकार की शिकायतों की निष्पक्ष जांच करेंगे।
डिप्टी ग्रुप कमांडर कर्नल गौरव दीक्षित ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर डिप्टी ग्रुप कमांडर कर्नल गौरव दीक्षित ने उन्हें नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान ट्रेनिंग ऑफिसर कर्नल आनंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।