दिल्ली: बीजेपी में लंबे समय से राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर मंथन का दौर चल रहा है, इस महीने अप्रैल में बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर का दौरा किया। जिसके बाद से चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक बीते 30 मार्च को पीएम मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की मुलाकात हुई। जिसमें नए अध्यक्ष के नाम पर रायशुमारी हुई।
PM ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की चर्चा
PM मोदी के नागपुर से लौटने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी बातचीत हुई है। प्रधानमंत्री ने वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से राज्यों के संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने नड्डा और बीएल संतोष से कहा है कि इसी महीने बीजेपी अध्यक्ष का चुनाव पूरा करें। भाजपा ने अब तक 13 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 राज्यों में चुनाव पूरे करने जरूरी हैं।
अगले हफ्ते में बचे हुए राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा
सूत्रों के अनुसार अगले हफ्ते तक उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत बाकी बचे अधिकांश राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। यानी 50 प्रतिशत राज्यों के चुनाव पूरा होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकेगा।
जेपी नड्डा का बढ़ाया था कार्यकाल
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा फिलहाल बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं जेपी नड्डा को 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और जनवरी 2020 में वे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया था। अब जब वे केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं, तो पार्टी को नया अध्यक्ष चुनना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए तय नियम और प्रक्रिया
बीजेपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष को चुनने के लिए 1 तय नियम और प्रक्रिया है। इन्ही नियमों को पूरा करने में हुई देरी के चलते अब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका है। पार्टी के नियम के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है। एक व्यक्ति 2 बार से अधिक पार्टी का अध्यक्ष नहीं बन सकता। ऐसे में अब पार्टी को जल्द ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान करना होगा। नए अध्यक्ष को 12 अहम चुनाव अपने कार्यकाल में कराने होंगे।