लाड़ली बहनों को मिली सौगात
मंडलाः मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंडला जिले के ग्राम पंचायत टिकरवारा में आयोजित जनकल्याण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1.27 करोड़ पात्र बहनों को ₹1552.38 करोड़ की राशि का ऑनलाइन अंतरण किया। योजना के तहत प्रत्येक महिला को ₹1250 की सहायता राशि प्रदान की गई है।
‘शैला’ नृत्य के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव का स्वागत
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। वे ग्राम ग्वारा के हेलीपैड पर उतरे, जहां उनका स्वागत प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने किया। वहां से वे सीधे टिकरवारा पहुंचे, जहां पारंपरिक ‘शैला’ नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 340.13 करोड़ की राशि का भी वितरण
मुख्यमंत्री ने जनकल्याण रथ पर सवार होकर सामूहिक विवाह समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने 1120 नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। समारोह में उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 56.68 लाख हितग्राहियों को ₹340.13 करोड़ की राशि का भी वितरण किया। इन योजनाओं से राज्य के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिल रही है।
जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना
इस भव्य आयोजन में मंत्री संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक चैनसिंह वरकड़े, विधायक नारायण सिंह पट्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की।इसके अलावा मंगलवार शाम को आयोजित हल्दी और संगीत समारोह भी चर्चा में रहा। इसमें मंत्री संपतिया उइके ने पारंपरिक अंदाज में लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल योजनाओं के लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने का जरिया बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गर्व को भी मजबूत करता नज़र आया।