Cyclone Remal: पश्चिम बंगाल के बाद समुद्री चक्रवात रेमल का मिजोरम में भी कहर सामने आया है। राजधानी आइजोल में मंगलवार को चक्रवात रेमल के कारण लगातार बारिश हुई। इसी बीच एक पत्थर की खदान ढह गई। इस हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। लैंडस्लाइड में अभी कई लोगों के लापता हैं।
डीजीपी ने दी ये जानकारी
राज्य के डीजीपी अनिल शुक्ला ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए कहा है कि मिजोरम में पत्थर की खदान ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हुई है। डीजीपी के अनुसार अभी की कम से कम छह लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए बचाव का काम चल रहा है।
आपदा प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक दस शव बरामद किए गए हैं और अभी भी लोग मलबे में फंसे हुए हैं। फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों का कहना है कि भारी बारिश और तेज हवा से बचाव कार्यों में परेशानी आ रही हैै।
मलबे में कई लोग फंसे हैं
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि मलबे के नीचे कितने लोग फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों में से सात स्थानीय हैं, जबकि बाकी लोग राज्य के बाहर के हैं। वहीं कई अन्य जिलों से बारिश के कारण भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं, अन्य जगहों पर कम से कम दो लोगों की मौत हुई है। जिलों के बीच वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। भारी भूस्खलन और भारी बारिश के कारण कई इमारतें, घर, सड़कें और पुल बह गए हैं।