गर्मी से राहत के लिए रेलवे और समाजसेवी संस्थाओं की साझेदारी
गर्मियों की तपिश जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे-वैसे यात्रियों के लिए शीतल जल की आवश्यकता भी अत्यधिक महसूस की जा रही है। इसी आवश्यकता को देखते हुए भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों को स्टेशन परिसरों में स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर वॉटर कूलर और पेयजल नलों की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को गर्मी के दौरान राहत मिल सके।
जनभागीदारी से मिल रही सेवा को नई दिशा
रेल प्रशासन के इस प्रयास को सफल बनाने में समाजसेवी संस्थाएं भी कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रही हैं। सेवा भाव से प्रेरित 10 गैर सरकारी संगठन और संस्थाएं भोपाल मंडल के 9 प्रमुख स्टेशनों पर नि:शुल्क शीतल जल सेवा प्रदान कर रही हैं। ये स्टेशन हैं — सांची, खिरकिया, हरदा, नर्मदापुरम, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, अशोकनगर एवं रुठियाई।
यात्रियों को मिल रही राहत, बोतल भरने की सुविधा भी उपलब्ध
इन संस्थाओं के स्वयंसेवक ट्रेनों के आगमन के समय प्लेटफार्मों पर सक्रिय रहते हैं। वे यात्रियों को गिलासों में शीतल जल उपलब्ध कराने के साथ ही उनके खाली पानी की बोतलों को भरने की भी सेवा प्रदान करते हैं। यह कार्य न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ा रहा है, बल्कि मानव सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।
समाजसेवा की अनूठी मिसाल
भोपाल मंडल का यह पहल न केवल यात्रियों को सुविधा प्रदान कर रही है, बल्कि समाजसेवा की भावना को भी नई दिशा दे रही है। गर्मियों के मौसम में यात्रियों को ठंडा पानी मिलना किसी संजीवनी से कम नहीं, और यह कार्य समाज के उन सेवाभावी नागरिकों के कारण संभव हो पा रहा है जो निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में जुटे हैं।
रेल प्रशासन और समाजसेवी संगठनों की यह संयुक्त पहल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है और यात्रियों ने भी इस प्रयास की सराहना की है। यह पहल आने वाले समय में अन्य मंडलों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।