भोपाल/ लाड़ली बहना योजना के कारण बीजेपी को सफलता मिलती ही जा रही है, इसीलिये कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नया प्लान तैयार कर रही है, इसका जिम्मा महिला कांग्रेस को सौंपा गया है, ताकि एक-एक महिला को समझाया जाए कि किस तरह से उनको महज कुछ राशि देकर अन्य माध्यमों से उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिस तरह से सबसे ज्यादा रेवेन्यू सरकार शराब के जरिए कमा रही है।
प्रत्येक बूथ पर बनाया जाएगा ‘महिला मंडल’
बीजेपी के हीं दांव को उल्टा कांग्रेस आजमाने वाली है, महिला वोट बैंक के जरिए सत्ता में आई बीजेपी को मात देने के लिए कांग्रेस ने नई योजना बनाई है, जिसके तहत सेवादल से लेकर एनएसयूआई तक की महिला विंग को सक्रिय कर पार्टी हर बूथ पर एक नया शक्ति केंद्र यानी महिला मंडल बनाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि इसके जरिए महिलाएं बीजेपी की नाकामियों को पहचानेगी।
‘महिला मंडल’ बुजुर्गों, दिव्यांगों से भी करेगी चर्चा
कांग्रेस का आरोप है कि लाड़ली बहना योजना के जरिए महिलाओं को 3 हजार रुपये देने की बात की गई थी, लेकिन अब तक वो वादा पूरा नहीं किया गया है, जबकि सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज लिए जा रही है, इसके साथ ही कांग्रेस का कहना है कि आने वाले वक्त में महिला टीम के जरिए वो बुजुर्गों से भी बातचीत करेगी, क्योंकि बुजुर्गों को अन्य राज्यों के मुकाबले कम यानी महज 600 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है, जिसके कारण उनको कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
