गुजरात: गुजरात के बनासकांठा में बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें मध्यप्रदेश के 21 मजदूरों की मौत हो गई है। 5 मजदूर मामूली रूप से घायल हैं। हादसा डीसा में हुआ है। फैक्ट्री डीसा तहसील के धुनवा रोड पर है। विस्फोट के दौरान मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के शरीर के अंग 50 मीटर दूर तक बिखर गए। फैक्ट्री के पीछे भी खेत में भी कुछ मानव अंग मिले हैं। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में 5 से 6 घंटे लगे।
MP के हरदा के रहने वाले थे मृतक
हादसे के शिकार सभी मृतक और घायल मजदूर मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया गांव के रहने वाले हैं। जो 2 दिन पहले ही मजदूरी के लिए गए थे। और पटाखे बनाने का काम कर रहे थे। फिलहाल, मृतकों की पहचान की जा रही है।
3 लोग 40 परसेंट जले,अस्पताल में भर्ती
आग की चपेट में आने से 3 लोग 40 प्रतिशत से अधिक जल गए है। डीसा एसडीएम नेहा पांचाल ने बताया कि घटना में घायल सभी लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया । फिलहाल 3 लोगों का इलाज चल रहा है। ये 40 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है।
पटाखे बेचने का लाइसेंस था, बनाने का नहीं
दीपक ट्रेडर्स नाम की पटाखा फैक्ट्री खूबचंद सिंधी की है। जो फैक्ट्री में विस्फोटक लाकर पटाखा बनवाते थे। हालांकि अब तक की जांच में पता चला है कि कंपनी मालिक के पास केवल पटाखे बेचने का लाइसेंस है, बनाने का नहीं, इसलिए स्थानीय पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
तेज धमाका होने के बाद मजदूर हुए बेहोश
घायल ने कहा- अचानक से एक तेज धमाका हुआ और हम लोग बेहोश हो गए हमें पता ही नहीं चला कि आखिर क्या हुआ था, बहुत तेज धमाका हुआ और हम बेहोश हो गए। जब मैंने अपनी आंखें खोलीं तो मेरे चारों ओर आग थी। हम झुलसी हालत में ही किसी तरह फैक्ट्री से बाहर भागे।