स्पोर्ट डेस्क: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड कोहनी में चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टीम की कमान एक बार फिर एमएस धोनी को सौंपी गई है। सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने यह जानकारी दी।
चेन्नई के लिए अब तक निराशाजनक रहा IPL 2025
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल 2025 अब तक निराशाजनक रहा है। टीम अपने पहले 5 मुकाबलों में से 4 हार चुकी है, और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। इस बीच कप्तान ऋतुराज गायकवाड की चोट ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब फ्रेंचाइजी ने महेंद्र सिंह धोनी को दोबारा कप्तानी सौंपने का फैसला किया है।

गायकवाड चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर
गायकवाड को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मैच के दौरान तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे की बॉल कोहनी पर लगी थी। इसके बाद उन्होंने कुछ दिनों तक ट्रेनिंग नहीं की। भले ही उस मैच में उन्होंने अर्धशतक जड़ा, लेकिन अब यह कन्फर्म हो गया है कि वे आईपीएल 2025 से बाहर हो गए हैं। सीएसके ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर यह जानकारी साझा की है।

सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा,
“हमारे पास रिप्लेसमेंट के ज्यादा विकल्प नहीं थे। धोनी हमेशा तैयार रहते हैं। टीम को उनकी लीडरशिप की जरूरत है, इसलिए उन्हें फिर से कप्तानी सौंपी गई है।”धोनी ने 2023 तक सीएसके की कप्तानी की थी और आखिरी बार टीम को चैंपियन बनाया था। उसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी गायकवाड को सौंपी थी।
धोनी की फिटनेस पर अपडेट
फ्लेमिंग ने बताया कि धोनी के घुटनों में अब पहले जैसी ताकत नहीं रही, इसलिए उन्हें लगातार लंबे समय तक बैटिंग करना कठिन हो सकता है। हम उनकी बैटिंग पोजिशन मुकाबले के हिसाब से तय करते हैं।

धोनी के IPL में रिकॉर्ड
- 226 मैचों में कप्तानी, 133 जीत
- IPL में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाले कप्तान
- 269 मैच – सबसे ज्यादा IPL मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- 5342 रन, स्ट्राइक रेट – 137
- 368 चौके और 257 छक्के, 24 हाफ सेंचुरी

पैरेंट्स की मौजूदगी से रिटायरमेंट की चर्चा
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में धोनी के माता-पिता स्टेडियम में मौजूद थे, जो उनके रिटायरमेंट की अटकलों को हवा दे गए। इंटरनेशनल करियर में कभी उनके पैरेंट्स लाइव मैच देखने नहीं पहुंचे थे। लेकिन मैच के बाद धोनी ने रिटायरमेंट की कोई घोषणा नहीं की, और अब वे फिर से कप्तानी भी करते दिखेंगे।