भोपाल, 1 जून 2025: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भोपाल दौरे से पहले ही प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके दौरे को “पॉलिटिकल टूरिज़्म” करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा भी कांग्रेस के लिए ‘टाय टाय फिस्स’ साबित होने वाला है।
एमपी के मंत्री बोले
मंत्री सारंग ने कहा, “राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, पार्टी का बंटाधार तय हो जाता है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस का कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं बचा है। अब यह पार्टी सिर्फ सोशल मीडिया तक सिमटकर रह गई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने दौरे का खर्च नेशनल हेराल्ड से जुड़े पैसों से उठा रहे हैं, जो भ्रष्टाचार का प्रतीक है।उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “राहुल गांधी भोपाल में कुछ घंटों के लिए आएंगे, फोटो खिंचवाएंगे और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चले जाएंगे। यह पूरी तरह से पॉलिटिकल टूरिज़्म है। इससे प्रदेश की जनता को कोई फायदा नहीं होने वाला है।”
क्या राहुल का दौरा 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी?
राहुल गांधी का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के मद्देनज़र देखा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से इसे कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को मजबूत करने की कवायद बताया जा रहा है। लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब कोई भी दौरा उसे संजीवनी नहीं दे सकता। सारंग ने कहा, “2028 में सरकार बनाने का कांग्रेस का सपना, सपना ही रह जाएगा। जनता ने 2023 में ही कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि भाषणों और यात्राओं से नहीं, जनता की सेवा से विश्वास जीता जाता है।”
राहुल गांधी का संवाद कार्यक्रम
गौरतलब है कि राहुल गांधी का यह दौरा राज्य कांग्रेस के नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक और कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए निर्धारित है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर जनता की बात सुनने आएंगे और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।