रीवा। महाकौशल, विंध्य एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के सेवा निवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों का त्रैमासिक सम्मेलन श्वेत बाघों की नगरी रीवा में दिनांक 19 दिसंबर 2025 को उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह सम्मेलन संगठन के अध्यक्ष, सेवा निवृत्त पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोहर सिंह वर्मा (आईपीएस) के आव्हान एवं नेतृत्व में आयोजित किया गया।सम्मेलन में भाग लेने के लिए महाकौशल क्षेत्र से बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अधिकारी जबलपुर से निजी बसों एवं स्वयं के वाहनों से रीवा पहुंचे। संगठन के जनसंपर्क अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी पं. नरेश शर्मा ने बताया कि रीवा पहुंचने पर बघेलखंड एवं विंध्य क्षेत्र के साथियों द्वारा महाकौशल से आए अधिकारियों का आत्मीय एवं भावभीना स्वागत किया गया।बैठक के दौरान संगठन अध्यक्ष श्री वर्मा ने उपस्थित सेवा निवृत्त पुलिस महानिरीक्षक श्री डी.पी. सिंह से संगठन के संरक्षक पद को सुशोभित करने का अनुरोध किया, जिसे श्री सिंह ने सहर्ष स्वीकार किया। सम्मेलन में संगठन के स्वरूप, उद्देश्य, कार्ययोजनाओं एवं औचित्य पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष श्री राजेश तिवारी ने सभी सदस्यों से एकजुटता बनाए रखने एवं बीमार अथवा जरूरतमंद साथियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। सम्मेलन के दौरान संगठन की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बड़ी संख्या में नए सदस्यों ने सदस्यता भी ग्रहण की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेवा निवृत्त अधिकारीगण गोपाल खाण्डेल (एसपी), राजेश तिवारी (एआईजी), बी.के.एस. परिहार (एएसपी), रामखिलावन शुक्ला (एएसपी), भूपेंद्र सिंह यादव, ए.ए. कुरैशी (कोषाध्यक्ष), नरेश शर्मा (मीडिया प्रभारी), अशोक तिवारी (संगठन सचिव), अखिल वर्मा (सचिव), डी.पी.एस. चंदेल, जयंत टेंभरे (सांस्कृतिक सचिव), हरिओम शर्मा, सुनील नेमा, कौशल सिंह, जे.पी. वर्मा एवं मो. असलम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रीवा के साथियों द्वारा परोसे गए स्वरुचि भोज के उपरांत संगठन को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में ए.ए. कुरैशी द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्री भूपेंद्र सिंह यादव ने किया।
