बोकारो (झारखंड): झारखंड के बोकारो जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। बेरमो अनुमंडल के लू गु पहाड़ी क्षेत्र में झारखंड पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और झारखंड जगुआर (JJ) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 8 नक्सलियों को मार गिराया है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
लू गु पहाड़ी में CRPF, झारखंड पुलिस और JJ का संयुक्त ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, लू गु पहाड़ी में बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमावड़े की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। लंबे समय तक चली इस मुठभेड़ में आखिरकार 8 नक्सली मारे गए।
एके-47, एसएलआर और अन्य अत्याधुनिक हथियार बरामद
मारे गए नक्सलियों के पास से एके-47, एसएलआर और अन्य अत्याधुनिक हथियारों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन सुरक्षाबलों की तत्परता ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
नक्सल विरोधी अभियान को मिली बड़ी सफलता
बोकारो जिले में बीते कुछ महीनों से नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि बाकी बचे नक्सलियों की तलाश की जा सके और उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।स्थानीय प्रशासन और पुलिस के मुताबिक, लू गु पहाड़ी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में नक्सली लंबे समय से सक्रिय हैं। लेकिन इस ताजा मुठभेड़ ने उनके नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। सुरक्षाबलों की सतर्कता और प्रभावी रणनीति के चलते आने वाले दिनों में इस क्षेत्र से नक्सल प्रभाव को काफी हद तक समाप्त किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।