रिपोर्ट: तपन अरोरा, शिवपुरी
शिवपुरी की संतुष्टि कॉलोनी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब सीवर का चैंबर धसकने से 14 वर्षीय बालिका उत्सविका भदौरिया की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह कॉलोनी में खेल रही थी। बताया गया कि सीवर का ढक्कन सड़ चुका था, जिसके चलते वह बच्ची के वजन से टूट गया और वह सीवर में जा गिरी।
स्थानीय बच्चों ने घटना की जानकारी तुरंत परिजनों और कॉलोनीवासियों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने SDRF को सूचित किया। घंटों की मशक्कत के बाद बच्ची का शव रात में बरामद किया गया। घटना से गुस्साए कॉलोनीवासियों ने शहर के मुख्य चौराहे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।
कॉलोनी अभी नगर पालिका को हैंडओवर नहीं की गई है और इसमें अब भी निर्माण कार्य जारी हैं। प्रशासन ने कॉलोनी के बिल्डर अर्जुन दीवान के खिलाफ लापरवाही का मामला नगर कोतवाली में दर्ज कर लिया है।
प्रशासन का आश्वासन
कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने प्रदर्शनकारियों से बात कर एडीएम स्तर से मजिस्ट्रियल जांच की घोषणा की। उन्होंने कहा, “दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा, “यदि कॉलोनी नियमों के अनुसार विकसित नहीं की गई है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय है।”
घटना ने शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी की व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।