Terror Attack in Poonch: जम्मू कश्मीर के पुंछ में आतंकी हमला होने की खबर सामने आ रही है. जिसमें पांच जवानों के घायल होने की सूचना है. दो सुरक्षा वालों की हालत गंभीर बताई जा रही है. जवानों को उधमपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज जारी है.
कहां हुई ये घटना
सुरक्षा अधिकारियों की माने तो भारतीय वायुसेना के काफिले पर सुनरकोट के सनाई गांव में आतंकवादियों ने हमला कर दिया जिसमें 5 जवान घायल हो गए. भारतीय सेना और पुलिस के अतरिक्त बल तैनात कर दी गई हैं. इलाके की घेराबंदी कर आतंकवादियों को खोजा जा रहा है. राष्ट्रीय रायफल्स यूनिट और जम्मू कश्मीर पुलिस आतंकवादियों के खिलाफ इस मिशन में लगे हुए हैं.
वायुसेना ने दी ये जानकारी
इस हमले की जानकारी देते हुए भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया में लिखा – जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शाहसितार के पास आतंकवादियों ने भारतीय वायुसेना के वाहन काफिले पर हमला कर दिया. स्थानीय सैन्य इकाइयों द्वारा क्षेत्र में फिलहाल घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी है. काफिले को सुरक्षित कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
पिछले साल दिसंबर में भी हुई थी ऐसी घटना
पिछले वर्ष 21 दिसंबर को सुनरकोट में ऐसी ही घटना घटित हुई थी. इसमें हमारे 5 जवान शहीद हो गए थे. इस घटना की जिम्मेदारी पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट ने ली थी. घटना को अंजाम 4 आतंकवादियों ने दिया था.
