भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह (92 साल) का गुरुवार रात निधन हो गया। वो 92 साल के थे।उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। वे घर पर बेहोश हो गए थे। एम्स में उन्होंने 9:51 बजे आखिरी सांस ली।डॉ. सिंह के सम्मान में देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। साथ ही शुक्रवार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई।
पूर्व प्रधानमंत्री का जन्म 1932 में हुआ
डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक गांव में हुआ था। उन्होंने 1948 में पंजाब विश्वविद्यालय से मेट्रिक की शिक्षा पूरी की। उसके बाद उन्होंने अपनी आगे की शिक्षा ब्रिटेन के कैंब्रिज विश्वविद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद 1957 में उन्होंने अर्थशास्त्र में प्रथम श्रेणी से ऑनर्स की डिग्री की। फिर 5 साल बाद 1962 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के नूफिल्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में डी.फिल की उपाधि हासिल की। डॉ. मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर की तीन बेटियां हैं।
भारत के 14वें प्रधानमंत्री थे डॉ. मनमोहन सिंह
भारत के चौदहवें प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह अपनी विनम्रता, कर्मठता और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। मनमोहन सिंह वर्ष 1971 में वाणिज्य मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार के रूप में शामिल हुए। 1972 में उनकी नियुक्ति वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में हुई। डॉ. सिंह ने वित्त मंत्रालय के सचिव, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, भारतीय रिजर्व बैंक के अध्यक्ष, प्रधानमंत्री के सलाहकार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष के तौर पर काम भी किया। डॉ. मनमोहन सिंह 1991 से 1996 तक भारत के वित्त मंत्री रहे।
डॉ. मनमोहन सिंह 2004 में बने थे पहली बार प्रधानमंत्री
साल 2004 के आम चुनावों के बाद 22 मई को डॉ. मनमोहन सिंह पहली बार भारत के प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने 2009 में दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली और पूरे पांच साल यानी 2014 तक रहे।