इंदौर/भारतीय जनता पार्टी की इंदौर इकाई में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के चयन के लिए भेजे गए पैनल को लेकर पार्टी के भीतर नाराजगी की चर्चा तेज है।
विधानसभा तीन से तीन नाम!
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा क्रमांक-3 से महिला मोर्चा के लिए एक ही क्षेत्र से तीन नाम माधुरी जायसवाल, वृंदा गौड़ और श्रेष्ठा जोशी पैनल में शामिल कर भेजे गए हैं। इसे लेकर संगठन में सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि पैनल में शामिल माधुरी जायसवाल हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं।
आलाकमान ने जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले को प्रदेश नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को फटकार लगाते हुए उन्हें तलब किया है। संगठन स्तर पर इस मामले में जवाब-तलब किए जाने की भी चर्चा है।
SC मोर्चा अध्यक्ष का विरोध
वहीं, अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा के अध्यक्ष पद की नियुक्ति को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस से भाजपा में आए भूपेंद्र चौहान को SC मोर्चा का अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
इन घटनाक्रमों ने इंदौर भाजपा की संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर चल रही अंदरूनी असहमति को उजागर कर दिया है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
