लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच
अहमदाबाद / टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमदार खेल दिखाया।इस जीत के साथ भारत टी-20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था, जबकि अब 2026 में तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया है। साथ ही भारत लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी बन गया है।फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी पारियां खेलीं और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत की जीत में जसप्रीत बुमराह का अहम योगदान रहा। बुमराह ने चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट झटके और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं अक्षर पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट फैंस टीम इंडिया की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
